ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– अर्की उपमंडल के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में विश्व आतंकवाद निरोधक दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रभारी अध्यापक यशपाल वर्मा ने की।

इस अवसर पर यशपाल वर्मा ने 21 मई 1991 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हुई हत्या के बारे में जानकारी देते हुए आतंकवाद के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में शांति, भाईचारे और एकता बनाए रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अध्यापकों ने शपथ लेकर आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट रहने का संदेश दिया। अध्यापकों ने बच्चों को बताया कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है तथा इसके खिलाफ सभी को जागरूक रहकर समाज में सद्भाव बनाए रखने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी अध्यापक एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी ली। विद्यालय परिवार ने समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।



