टीचर्स 11 बनी महादेव कप सीजन-2 की विजेता, शोघी टीम रही उपविजेता

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – अर्जुन खेल मैदान में आयोजित महादेव कप सीजन-2 का रोमांचक समापन हो गया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला शोघी और टीचर्स 11 की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें टीचर्स 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।


फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर शोघी टीम के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम की शुरुआत बेहद तेज रही और शुरुआती तीन ओवरों में बिना विकेट खोए 39 रन बना दिए। हालांकि इसके बाद टीचर्स 11 के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए शोघी टीम को 9.1 ओवर में मात्र 65 रन पर ऑलआउट कर दिया।


टीचर्स 11 की ओर से चमन शर्मा और संजय गारला ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि रवि ने 2 तथा हैप्पी और रविन्द्र कंवर ने 1-1 विकेट लिया।
66 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीचर्स 11 की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती दो ओवरों में 7 रन पर अपने दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। इसके बाद मुनीक और संजय गारला ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए बिना विकेट खोए मात्र 8.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर टीम को शानदार जीत दिलाई।
फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मुनीक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।


बखालग टीम के मनोज ठाकुर को मैन ऑफ़ द सीरीज चुना गया…
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आशा परिहार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता टीम टीचर्स 11 को ट्रॉफी सहित 51 हजार रुपये की नकद राशि तथा उपविजेता शोघी टीम को ट्रॉफी सहित 25 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की। इस दौरान उन्होंने युवाओं को खेल भावना से खेलने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
टूर्नामेंट के आयोजक मुकेश भारद्वाज तथा विजय हरनोट रहे, जिन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, दर्शकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page