ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज — उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च पाठशाला शहरोल का दसवीं कक्षा का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के टीजीटी आर्ट्स प्रदीप चंदेल ने बताया कि विद्यालय के सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय की छात्रा ध्रुविका ने 700 में से 607 अंक (86.71 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं टीटू कुमार ने 598 अंक (85.43 प्रतिशत) लेकर दूसरा तथा कृतिका ने 589 अंक (84.14 प्रतिशत) प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अध्यापकों के समर्पण और अभिभावकों के सतत सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय के मुख्याध्यापक नरेश कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा को भी इस सफलता का विशेष श्रेय दिया गया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष बोर्ड परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूमती निर्धारित किया गया था। नए परीक्षा केंद्र के कारण विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव होने के बावजूद उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।




