ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के चौगान में खड़ी एक आल्टो कार में आग लगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव सुल्ली, डाकघर दाड़लाघाट निवासी मनोज कुमार (30) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 3 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह पुराना बस अड्डा अर्की में मौजूद था, जहां एक व्यक्ति उसके पास आया और उसके साथ बहस व झगड़ा किया। उस समय उसके साथ उसका भाई भी मौजूद था। इसके बाद वह वहां से चला गया।

मनोज कुमार ने बताया कि रात करीब 11 बजे उसने अपनी आल्टो कार (एचपी11ए-4199) को चौगान ग्राउंड में खड़ा किया। आरोप है कि उसी व्यक्ति ने उसकी गाड़ी के शीशे पर डंडा मारा, जिसके बाद दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। इसके बाद वह अपने घर चला गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे उसे सूचना मिली कि उसकी गाड़ी में आग लग गई है। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि कार पूरी तरह जल चुकी थी। शिकायतकर्ता ने संदेह जताया है कि उक्त व्यक्ति ने ही उसकी गाड़ी को आग लगाई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।




