ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। अग्निशमन निदेशालय शिमला के निर्देशानुसार अग्निशमन चौकी अर्की द्वारा उपमंडल के विभिन्न विद्यालयों में अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

अग्निशमन चौकी प्रभारी अशोक कुमार धीमान ने बताया कि “सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज—अग्नि सुरक्षा के लिए मिलकर” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल अर्की, हिमाचल एकेडमिक स्कूल बांवा, डीसीएम पब्लिक स्कूल बांवा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बालक) अर्की, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बालिका) अर्की तथा लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान के लिए चयनित किया गया। लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की की छात्रा भानवी शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। अग्निशमन चौकी प्रभारी द्वारा उन्हें पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।
भानवी शर्मा की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य वीना गुप्ता, अध्यापिका वीना पंवर एवं निशा देवी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।




