CPL शालाघाट में डीए घनाहट्टी की धमाकेदार जीत, फाइनल का टिकट किया पक्का।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्जुन खेल मैदान कोटली (शालाघाट) में आयोजित कॉन्ट्रैक्टर प्रीमियर लीग (CPL) शालाघाट के सेमीफाइनल मुकाबले वीरवार को खेले गए। इस अवसर पर एडवोकेट भीम सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। आयोजकों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके उपरांत आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 92 टीमों ने भाग लिया है, जिससे क्षेत्र में खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में डीए फिटनेस घनाहट्टी और किंग्स कण्डा इलेवन के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। डीए घनाहट्टी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 130 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए किंग्स कण्डा इलेवन की टीम 102 रन पर सिमट गई। इस प्रकार डीए घनाहट्टी ने 28 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

अपने संबोधन में भीम सिंह ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और वे भविष्य में उच्च स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस मौके पर ओम प्रकाश, राकेश ठाकुर, हेमचंद ठाकुर, गिरीश कुमार, विशाल, नरेंद्र, प्रवीण, सूरत राम, राकेश कुमार, जुगल किशोर, संदीप व निखिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






