ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के बीच वेतन असमानता को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। हिमाचल सर्व अनुबंध कर्मचारी संघ (सोलन) के प्रतिनिधि अरुण, रमित, संजय और शुभम ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर सरकार के हालिया निर्णय पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि 3 जनवरी 2022 से पहले नियुक्त कर्मचारियों को उच्च वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है, जबकि इसके बाद नियुक्त कर्मचारियों को समान पद और जिम्मेदारियां होने के बावजूद यह लाभ नहीं मिल रहा। यह स्थिति “समान कार्य के लिए समान वेतन” के सिद्धांत के विपरीत है।

संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस प्रकार की वेतन असमानता से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है और कार्यक्षमता पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने और सभी कर्मचारियों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यदि इस मुद्दे का समाधान नहीं किया गया तो कर्मचारी आगे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।
हालांकि, इस संबंध में सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


