ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में कार्यकारी प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल की अध्यक्षता में शिक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील ठाकुर सहित समिति सदस्य, अभिभावक और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत इतिहास प्रवक्ता अमर सिंह वर्मा ने उपस्थित सभी अभिभावकों व सदस्यों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों और मुख्य बिंदुओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि शिक्षा संवाद का उद्देश्य शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

कार्यकारी प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल ने अपने संबोधन में आपार आईडी, अभ्यास हिमाचल और माय करियर एडवाइजर ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों के लिए आपार आईडी बनाना अनिवार्य है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों पर विशेष ध्यान देने का आग्रह करते हुए नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, विशेषकर चिट्टे के खतरे के प्रति सचेत रहने को कहा।

इस अवसर पर कक्षा छठी, सातवीं, आठवीं, नौवीं और प्लस वन का वार्षिक परीक्षा परिणाम भी घोषित किया गया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि विद्यालय को सीबीएसई से संबद्धता प्राप्त हो चुकी है और पहली अप्रैल से नई कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।

इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य प्रेम भगत, मेहर चंद बट्टू, लता, विमला, दीपा, निशा, सरिता सहित अन्य सदस्य, समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।



