ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राज्य स्तरीय नलवाड़ मेले के अवसर पर सुंदरनगर में आयोजित मिनी मैराथन दौड़ में अर्की उपमंडल के बनिया देवी गांव के प्रतिभाशाली धावक सुखराम शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। करीब 600 धावकों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में सुखराम ने दमदार प्रदर्शन कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता बेहद रोमांचक रही, जिसमें मंडी के तुलसी राजपूत ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सुंदरनगर के अमर सिंह तीसरे स्थान पर रहे। सुखराम शर्मा ने पूरे आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ दौड़ पूरी कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए सुखराम शर्मा ने इसे अपने लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, अपनी कोच ज्योति पठानिया और विशेष रूप से माता बनिया देवी के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और परिवार का सहयोग ही उनकी सफलता की असली ताकत है।

मिनी मैराथन के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। सुखराम की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




