धारडूधार स्कूल के छात्रों ने नौणी विश्वविद्यालय का किया शैक्षणिक भ्रमण

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत खनलग के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक पाठशाला धारडूधार के छात्रों ने डॉ. वाईएस परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, सोलन का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यालय संस्कृत अध्यापक राकेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भ्रमण के दौरान छात्रों ने बागवानी से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल की, जिससे यह यात्रा उनके लिए ज्ञानवर्धक साबित हुई।


भ्रमण के दौरान विश्वविद्यालय की वैज्ञानिक डॉ. किरण ने छात्रों को फलों और फूलों की खेती से संबंधित विभिन्न तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बागवानी के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और आधुनिक तरीकों के बारे में भी अवगत करवाया।


इस अवसर पर छात्रों ने डॉ. यशवंत सिंह परमार, हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री, को समर्पित संग्रहालय का भी अवलोकन किया। संग्रहालय भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रदेश के इतिहास और डॉ. परमार के योगदान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। राकेश शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण छात्रों के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कक्षा से बाहर जाकर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने से विद्यार्थियों की समझ और रुचि दोनों बढ़ती हैं। इस मौके पर विद्यालय के अन्य अध्यापक भी उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page