चाय पीने के लिए उतरा था ट्रक ड्राइवर।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक खड़ा ट्रक अचानक पीछे की ओर खिसकते हुए गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत यह रही कि घटना के समय ट्रक में कोई सवार नहीं था, अन्यथा गंभीर जनहानि हो सकती थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नालागढ़ से कुनिहार की ओर आ रहा एक ट्रक बनिया देवी पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा। यहां चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर हैंडब्रेक लगा दी और स्वयं चाय पीने के लिए नीचे उतर गया। बताया जा रहा है कि चालक अभी ट्रक से कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि अचानक ट्रक पीछे की ओर खिसकने लगा।

देखते ही देखते ट्रक सड़क से नीचे लुढ़कता हुआ गहरी खाई में जा गिरा, जिससे ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक राम सिंह ने बताया कि उन्होंने ट्रक को सही तरीके से हैंडब्रेक लगाकर खड़ा किया था, लेकिन कुछ ही क्षणों में ट्रक अपने आप खिसक गया और खाई में जा गिरा।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय ट्रक में कोई व्यक्ति मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


