ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी शिमला हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय समरहिल में राष्ट्रीय संस्था हिमाचल एकता मंच द्वारा ‘बेटियां स्माइल अवार्ड शो’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बेटियां फाउंडेशन के हिमाचल चेयरमैन चन्द्रमणि मानिक शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि लाइट ऑफ नेशन के एमडी प्रांजल जैन डायमंड गेस्ट के रूप में शामिल हुए। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष वंदना शर्मा, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर प्रीती श्रीवास्तव तथा उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

इस अवसर पर बतौर सेलिब्रिटी गेस्ट बॉलीवुड पंजाबी सिंगर आर.बी. सिंह, हिमाचली स्टार गायक विक्की राजटा और ‘रोहडू जाना मेरी आमिये’ फेम प्रीतम चंद भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। हिमाचल एकता मंच के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष दीप लाल भारद्वाज तथा एमडी प्रांजल जैन का कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भर से आई लगभग 550 महिलाओं को ‘बेटियां स्माइल अवार्ड’ देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों को भी हिमाचली टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसी कड़ी में जिला शिमला की रहने वाली कामिनी शर्मा को भी अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों और सामाजिक योगदान के लिए ‘बेटियां स्माइल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ जम्मू, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश से भी कई अतिथि पहुंचे। सभी ने हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और हिमाचल एकता मंच द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को सम्मानित करना और समाज में सकारात्मक संदेश देना रहा।


