ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट के छात्र तन्मय ठाकुर ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय, क्षेत्र तथा अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया है। तन्मय की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने तन्मय ठाकुर की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तन्मय की सफलता उसकी कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने तन्मय के माता-पिता तथा विद्यालय के सभी अध्यापकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
प्रधानाचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा में सफलता प्राप्त करना विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होती है। इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहयोग मिलता है।

उन्होंने विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों से भी तन्मय की सफलता से प्रेरणा लेने और मेहनत व अनुशासन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। तन्मय की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, स्थानीय लोगों और परिजनों ने खुशी जताते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




