ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला सोलन इकाई रामशहर की मासिक बैठक रविवार को लोक निर्माण विभाग के गैंग हट दिग्गल में यूनिट अध्यक्ष भाग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश व जिला पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति तथा भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के दिशा-निर्देशानुसार पहले से प्रदेश सरकार को भेजे जा चुके 14 सूत्रीय मांग पत्र पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में निर्णय लिया गया कि 16 मार्च 2026 को जिला स्तर पर आयोजित होने वाले संयुक्त धरना-प्रदर्शन में रामशहर इकाई के सदस्य सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इसके अलावा 30 मार्च 2026 को प्रदेश विधानसभा सत्र के दूसरे चरण के दौरान विधानसभा के समक्ष 14 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आयोजित धरना-प्रदर्शन में भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के दौरान आंदोलन से संबंधित गतिविधियों के लिए वित्तीय व्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु विशेष सहयोग राशि एकत्रित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही पेंशनर्स संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के विभिन्न उपायों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रामशहर यूनिट की मासिक बैठक प्रत्येक माह की 8 तारीख को आयोजित की जाएगी, चाहे उस दिन कोई भी वार हो। इस निर्णय से सभी कार्यकारिणी सदस्यों तथा अन्य सदस्यों को अवगत कराने का भी फैसला लिया गया। यह भी तय किया गया कि जिस प्रकार इस बार बैठक दिग्गल में आयोजित की गई, उसी प्रकार अगली मासिक बैठक 8 अप्रैल 2026 को रामशहर में आयोजित की जाएगी।

बैठक में जिला कार्यकारिणी की ओर से मुख्य सलाहकार शंकर लाल, महामंत्री धनी राम चौहान (वर्चुअली), संगठन मंत्री नन्द लाल शर्मा, उपाध्यक्ष हरदेव सिंह उपस्थित रहे। रामशहर कार्यकारिणी की ओर से महासचिव प्रेम कुमार ठाकुर, जगदीश चंद शर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण दत्त शर्मा, मुख्य सलाहकार राम नाथ कौशल सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
अंत में सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए बैठक का समापन किया गया।

