ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- मानव कल्याण समिति अर्की की मासिक बैठक प्रधान राजिंदर गौतम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत गाहर निवासी सुभद्रा जोशी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई। सुभद्रा जोशी समिति के वरिष्ठ सदस्य यशपाल जोशी की धर्मपत्नी थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं।

बैठक में सचिव राजेश कपाटिया ने जानकारी दी कि समिति को अर्की तहसील के दोनों शिक्षा खंडों में सर्वश्रेष्ठ एनजीओ घोषित किया गया है। इस उपलब्धि पर प्रधान राजिंदर गौतम ने सभी सदस्यों को बधाई दी तथा समिति को सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

समिति के संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा ने बताया कि समिति ने अर्की अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों की सहायता के दूसरे चरण में चार और दुकानदारों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि समिति अपने सीमित संसाधनों के बावजूद अब तक कुल सात दुकानदारों को वित्तीय सहायता दे चुकी है।

बैठक में प्रस्ताव पारित कर समिति को आर्थिक सहयोग देने के लिए गांव पलोग के जियालाल शर्मा का आभार भी व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर प्रेम सिंह चौहान, सी.डी. बंसल, मोहन लाल शर्मा, देवेंद्र पाल, ओम प्रकाश शर्मा, रोहित शर्मा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


