रमेश नाथ कश्यप लगातार 9वीं बार बने महासचिव, कुनिहार उप इकाई का द्विवार्षिक चुनाव संपन्न

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हि. प्र. राज्य इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की कुनिहार उप इकाई की मासिक बैठक स्थानीय होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान इंजीनियर रतन तंवर ने की। यह बैठक इसलिए विशेष रही क्योंकि इस अवसर पर उप इकाई के द्विवार्षिक चुनाव भी संपन्न करवाए गए।


बैठक में कुनिहार के अलावा पट्टा बरावरी, जाबल-जमरोट, जाडली, शारड़ा घाट, सुबाथु, घागर, डुमैहर, कुफ्टू और बनोह सहित विभिन्न क्षेत्रों से सदस्य उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाने के लिए केंद्रीय कार्यकारिणी के राज्य उपाध्यक्ष जे.सी. शर्मा तथा अर्की इकाई के उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल और महासचिव सुशील गांधी विशेष रूप से मौजूद रहे। कुनिहार पहुंचने पर सभी सदस्यों ने उनका स्वागत किया।


बैठक को संबोधित करते हुए राज्य उपाध्यक्ष जे.सी. शर्मा ने संगठन की मांगों को बोर्ड के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने और मानी गई मांगों की जानकारी दी। उन्होंने पेंशनर्स के अधिकारों पर संभावित खतरों के प्रति सचेत करते हुए संगठन की एकता बनाए रखने का आह्वान किया। अध्यक्ष रतन तंवर ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए भविष्य में डीए/डीआर और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली कम्यूटेशन जैसी सुविधाओं पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर अन्य विभागों की पेंशनर्स एसोसिएशनों के साथ संयुक्त कार्रवाई समिति (JAC) का गठन किया गया है और आवश्यक होने पर लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा।


बैठक में वित्त सचिव संतराम कश्यप ने कार्यकारिणी की बैलेंस शीट प्रस्तुत की, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इसके बाद अध्यक्ष ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की और वर्ष 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। चुनाव समिति की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनाव संपन्न करवाए गए।


नई कार्यकारिणी में रतन तंवर को अध्यक्ष, रूपेंद्र कौशल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शालिग्राम ठाकुर और देव रत्न को उपाध्यक्ष चुना गया। रमेश नाथ कश्यप लगातार नौवीं बार महासचिव निर्वाचित हुए। प्रेम सिंह चौहान को संयुक्त सचिव, संतराम कश्यप को वित्त सचिव, भूपेंद्र पाठक को संयुक्त वित्त सचिव, रूप राम पाल को संगठन सचिव, सुरेश मेहता को सचिव जनसंपर्क, राजेंद्र तंवर को मुख्य सलाहकार, बृजलाल ठाकुर को सलाहकार, नरेंद्र सिंह पाल को लेखा परीक्षक तथा राम रतन ठाकुर, गोपाल चंद्र गर्ग, रिखी राम, सोहन लाल और रमेश चौधरी को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।


पद एवं गोपनीयता की शपथ के उपरांत अध्यक्ष रतन तंवर ने सभी सदस्यों और चुनाव समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है तथा नए सेवानिवृत्त होने वाले पेंशनर्स को संगठन से जोड़ने के लिए मार्गदर्शन किया जाए। बैठक के बाद नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संगठन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई। अंत में सभी सदस्यों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page