अर्की में कैंसर दिवस पर आशा कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– सिविल अस्पताल अर्की में कैंसर दिवस के अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं को कैंसर के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी देना था, ताकि वे समुदाय में लोगों को सही मार्गदर्शन दे सकें।


कार्यक्रम का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि वे जागरूक रहेंगी तो समुदाय में भी स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी। उन्होंने महिलाओं और पुरुषों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।


मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. विजय कुमार शांडील, काउंसलर (एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सेवाएं), ने आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि कैंसर गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और उचित उपचार से इससे बचाव संभव है। उन्होंने स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, मुख कैंसर और फेफड़ों के कैंसर के लक्षणों व रोकथाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर भूषण वर्मा, सुपरवाइजर सिविल अस्पताल अर्की, ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने हरी सब्जियों, फलों, दालों, दूध और पर्याप्त पानी के सेवन पर जोर देते हुए जंक फूड से परहेज करने की सलाह दी। साथ ही नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता बताई।


कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और कैंसर जांच, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं तथा मरीजों को उच्च संस्थानों में रेफर करने की प्रक्रिया से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में उत्तर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page