राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग के  विद्यार्थियों ने किया प्री-वोकेशनल एक्सपोजर विजिट

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग द्वारा कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्री-वोकेशनल एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस शैक्षिक भ्रमण में विद्यालय के कुल 42 विद्यार्थियों ने भाग लिया।


भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को सरयांज स्थित हथकरघा हैंडलूम, कामधेनु मिल्क प्लांट तथा यूको बैंक सरयांज का दौरा करवाया गया। हथकरघा हैंडलूम में विद्यार्थियों को पारंपरिक बुनाई की प्रक्रिया, सूत से कपड़ा बनने तक के विभिन्न चरणों तथा स्थानीय हस्तशिल्प के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने बुनाई की तकनीक को नजदीक से देखा और समझा।


कामधेनु मिल्क प्लांट में छात्रों को दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और स्वच्छता मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान उन्हें डेयरी उद्योग की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिला।
वहीं, यूको बैंक सरयांज में विद्यार्थियों को बैंकिंग प्रणाली, खाता खोलने की प्रक्रिया, बचत की आदत, डिजिटल बैंकिंग तथा वित्तीय साक्षरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। बैंक अधिकारियों ने छात्रों को धन प्रबंधन के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।


विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों से परिचित कराना और उन्हें व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ना था, ताकि वे भविष्य में अपने करियर के प्रति जागरूक और प्रेरित हो सकें। विद्यालय प्रशासन ने इस सफल शैक्षिक भ्रमण के लिए संबंधित संस्थानों का आभार व्यक्त किया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page