मांजू प्रीमियर लीग सीजन-2 सम्पन्न, फाइनल में पोआबो ने जीता 51 हजार का खिताब

मुख्य अतिथि डीके कौशल के हाथों विजेता व उपविजेता टीमों को मिले पुरस्कार ।।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पलोग के मांजू गांव में आयोजित मांजू प्रीमियर लीग सीजन-2 सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। प्रतियोगिता के समापन समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता डीके कौशल मुख्य अतिथि रहे, जबकि मनोज शर्मा, मुकेश शर्मा और महेंद्र कौशल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नेहरू युवक मंडल मांजू एवं ग्रामीणों द्वारा सभी अतिथियों का फूलमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन दो मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में पोआबो और कोलका की टीमों के बीच कांटेदार संघर्ष देखने को मिला, जिसमें पोआबो की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले हिमालयन पैंथर इलेवन पाहल की टीम सेमीफाइनल में मांजू को हराकर पहले ही फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी थी।

इसके बाद खेले गए फाइनल मुकाबले में हिमालयन पैंथर इलेवन पाहल और पोआबो आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर पाहल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 12 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 64 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पोआबो टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए 9.5 ओवरों में मात्र 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मांजू प्रीमियर लीग सीजन-2 का खिताब अपने नाम कर लिया।


समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डीके कौशल ने दोनों टीमों के खेल की सराहना करते हुए विजेता टीम को बधाई दी तथा उपविजेता टीम के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क ही असली उपलब्धि है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


मुख्य अतिथि ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति और नेहरू युवक मंडल मांजू की सराहना करते हुए आयोजन समिति को 5100 रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की। नेहरू युवक मंडल के सचिव सचिन चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया। क्लब की ओर से मुख्य अतिथि के हाथों विजेता टीम पोआबो को 51,000 रुपये नकद राशि व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम हिमालयन पैंथर इलेवन पाहल को 31,000 रुपये नकद राशि व ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं मैन ऑफ द सीरीज का खिताब पोआबो टीम के सोनम को मिला, जिन्हें ट्रॉफी और 1100 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पलोग पंचायत के पूर्व प्रधान योगेश चौहान, पूर्व उपप्रधान वेद प्रकाश चौहान, भारतीय सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन प्रेमचंद चौहान, मेहरचंद चौहान, भगतराम शर्मा, बलीराम चौहान,शमशेर सिंह, रमेश चन्द,राजेश,किरपा राम, बालकराम शर्मा, चमनलाल चौहान,हरीश चौहान, बीएड प्रकाश, युवक मंडल के प्रधान भारतेंदु शर्मा, हनी, लक्की, पीयूष, शिवम, कुशाग्र, दिव्यम,चमन सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page