ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत धुन्दन के पसल गांव की होनहार बेटी प्रियंका ठाकुर ने राजनीति विज्ञान विषय में यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विशेष बात यह है कि प्रियंका ने यह सफलता अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है।

प्रियंका ठाकुर की शैक्षणिक यात्रा निरंतर परिश्रम और समर्पण की मिसाल है। उन्होंने वर्ष 2020 में शूलिनी यूनिवर्सिटी से बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। हाल ही में उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से बीएड की डिग्री भी हासिल की। शिक्षा का यह क्रम यहीं नहीं रुका और कड़ी मेहनत के बल पर प्रियंका ने यूजीसी-नेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
प्रियंका के पिता वीरेंद्र सिंह ठाकुर भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। परिवार से मिले अनुशासन और मेहनत के संस्कार उनकी इस उपलब्धि में स्पष्ट रूप से झलकते हैं।
प्रियंका ठाकुर की इस सफलता से ग्राम पंचायत धुन्दन सहित पूरे अर्की क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए प्रियंका और उनके परिवार को हार्दिक बधाइयां दी हैं।





