देश दीपक दामेस//दैनिक हिमाचल न्यूज // किन्नौर – जनजातीय जिला किन्नौर के कल्पा गांव की बेटी आस्था ने प्रदेश और देश का नाम रोशन कर एक नई मिसाल कायम की है। हरियाणा के पंचकूला स्थित आईटीबीपी बेसिक ट्रेनिंग सेंटर भानु में 28 जनवरी 2026 को आयोजित पासिंग आउट परेड में आस्था ने सर्वश्रेष्ठ महिला प्रशिक्षु का प्रतिष्ठित खिताब हासिल कर पूरे हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

इस पासिंग आउट परेड में देश के 24 राज्यों से आए कुल 440 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। कड़े प्रशिक्षण और अनुशासन के बीच आस्था ने न केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि प्लाटून कमांडर के रूप में अपनी टुकड़ी का नेतृत्व करते हुए भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह उपलब्धि किसी भी जवान के लिए सर्वोच्च सम्मान मानी जाती है।

आस्था की इस सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि समूचे किन्नौर जिले में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने इसे जनजातीय क्षेत्र की बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों सहित समस्त किन्नौरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
निस्संदेह, बेटी आस्था की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और यह संदेश देगी कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
— जनजातीय जिला किन्नौर से संवाददाता देश दीपक दामेस की रिपोर्ट



