ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – अर्की मुख्यालय स्थित यूको बैंक शाखा द्वारा बैंक का 84वां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शाखा की महाप्रबंधक गरिमा वालिया की अगुवाई में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अर्की के उपाध्यक्ष पदम कौशल, रंजना कालिया, ललित कुमार सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों, बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों, बैंक स्टाफ तथा ग्राहकों को सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक गरिमा वालिया ने सभी को केक खिलाकर और मिठाई वितरित कर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर महाप्रबंधक ने यूको बैंक की स्थापना से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बैंक द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूको बैंक वर्षों से आमजन को विश्वसनीय और सशक्त बैंकिंग सेवाएं प्रदान करता आ रहा है।
कार्यक्रम में बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारी के.के. ठाकुर, बद्रीनाथ चंदेल, एम.एल. शर्मा, आई.डी. भारद्वाज, समाजसेवी रोशन लाल वर्मा, बैंक प्रबंधक, स्टाफ सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।




