ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत बखालग के चंदपुर निवासी रविन्द्र कंवर को हिमाचल प्रदेश होमगार्ड्स, पुलिस विभाग और अग्निशमन सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए डीजी डिस्क पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान शिमला में आयोजित समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (होमगार्ड्स, सिविल-डिफेंस एवं अग्निशमन सेवा) सतवंत अटवाल द्वारा प्रदान किया गया। रविन्द्र कंवर ने अपने लगभग 26 वर्षों के लंबे सेवा काल में निरंतर समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है।

आपदा राहत, अग्निशमन कार्यों और होमगार्ड्स सेवाओं के साथ-साथ उन्होंने पुलिस विभाग के साथ मिलकर कई बार दूसरे राज्यों से अपराधियों को पकड़कर लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उनकी सराहना की गई।
रविन्द्र कंवर अपनी ड्यूटी के प्रति हमेशा पाबंद रहे हैं और कठिन परिस्थितियों में भी बिना हिचक राहत एवं बचाव कार्यों में अग्रिम पंक्ति में सक्रिय रहे।

उन्होंने अपने इस सम्मान को अपने पिता करतार सिंह को समर्पित किया है, जो गृह रक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कर्मी हैं। रविन्द्र कंवर ने कहा कि पिता की प्रेरणा और परिवार का सहयोग ही उनके लिए सबसे बड़ा संबल है।

स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों ने रविन्द्र कंवर की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।



