ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित 38वीं राष्ट्रीय खेलों के लिए डुमैहर (अर्की) के राज कुमार पाल का चयन एक तकनीकी अधिकारी के रूप में हुआ है। यह राष्ट्रीय खेल 28 जनवरी, 2025 से 14 फरवरी, 2025 तक उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और रुद्रपुर शहरों में आयोजित होंगे।

राज कुमार पाल, जो वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर (अर्की) में डीपीई के पद पर कार्यरत हैं, को बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए तकनीकी अधिकारी के रूप में चुना गया है। इससे पहले उन्होंने दो बार स्पेशल ओलंपिक विश्व खेलों में बास्केटबॉल हैड कोच के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इसके अलावा, वे खेलो इंडिया, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और फेडरेशन नेशनल में भी बास्केटबॉल प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

राज कुमार पाल के चयन की पुष्टि बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव कुलविंदर सिंह गिल ने आधिकारिक पत्र जारी करके की। उन्होंने इस अवसर पर बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी समिति अध्यक्ष नॉरमन इसाक, प्रदेश बास्केटबॉल संघ के सीईओ अजय सूद, महासचिव मुनीश शर्मा, अध्यक्ष सुशील शर्मा, रैफरी बोर्ड के अध्यक्ष संजय ठाकुर, तकनीकी समिति अध्यक्ष उमेश कुमार, चयन समिति के अध्यक्ष राज कुमार राणा और अशोक शर्मा तथा समस्त कार्यकारिणी का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
उनके इस महत्वपूर्ण चयन पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर (अर्की) के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, विद्यालय स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति और ग्राम पंचायत डुमैहर के नागरिकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राज कुमार पाल के इस शानदार चयन को लेकर क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है, और उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों को गर्व है।



