2027 में सोलन जिला की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत भाजपा का लक्ष्य: रतन सिंह पाल

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- भाजपा के नवनियुक्त सोलन जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल ने पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में अपने आगामी लक्ष्यों को स्पष्ट किया। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पुनः जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर जो भरोसा जताया गया है, वह उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। रतन सिंह पाल ने कहा कि वे कार्यकर्ताओं को एकजुट करते हुए भाजपा को जिले में और अधिक मजबूत बनाएंगे।

उन्होंने माना कि पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन लोकसभा चुनावों में भाजपा ने जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर बड़ी बढ़त हासिल कर कांग्रेस को करारी शिकस्त दी। रतन सिंह पाल ने इसे पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ने झूठे वादे कर सत्ता हासिल की, लेकिन अब उनकी असलियत जनता के सामने आ चुकी है। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के झूठे वादों को उजागर करने और जनता के बीच पार्टी की साख बढ़ाने में जुटे हैं।

पाल ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में सोलन की पांचों सीटों पर जीत हासिल करना उनका प्राथमिक लक्ष्य है। इसके लिए वे पूरी ताकत और निष्ठा से काम करेंगे। दिन-रात मेहनत कर भाजपा को जिले में पहले से भी अधिक मजबूत करेंगे।

रतन सिंह पाल ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जोड़ना है। उनके नेतृत्व में भाजपा का यह विजयी अभियान सोलन जिले को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास करेगा।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page