सिरसा में कांग्रेस की कुमारी शैलजा की 2,68,497 वोटों से बड़ी जीत में अर्की के शशिकांत शर्मा की अहम भूमिका


ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज: हरियाणा की सिरसा लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी शैलजा ने बड़े अंतर से जीत हासिल की है।

कुमारी शैलजा             –             शशिकांत शर्मा

कुमारी शैलजा ने भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर को 2,68,497 वोटों से हराकर विजय प्राप्त की है। इस शानदार जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इस चुनावी जीत में हिमाचल प्रदेश के युवा नेता शशिकांत शर्मा का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। शर्मा अर्की उपमण्डल से सम्बन्ध रखते हैं और युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हैं। सिरसा लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान की कमान संभालते हुए शशिकांत शर्मा ने बेहतरीन टीम प्रबंधन और रणनीति के साथ पार्टी के पक्ष में डोर टू डोर प्रचार किया। शर्मा ने लगभग 8-9 महीने तक सिरसा लोकसभा क्षेत्र में मेहनत और लगन से चुनाव प्रचार अभियान चलाया, जिससे पार्टी को महत्वपूर्ण जनसमर्थन मिला।

शशिकांत शर्मा की अथक मेहनत और रणनीतिक कौशल का परिणाम इस चुनाव में साफ दिखाई दिया। उन्होंने न केवल कुमारी शैलजा के पक्ष में जनसमर्थन जुटाया, बल्कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को भी घर-घर तक पहुंचाया। शैलजा की जीत के बाद शशिकांत शर्मा ने उन्हें बधाई दी और सभी कार्यकर्ताओं और जनता का आभार व्यक्त किया।

शर्मा ने कहा कि यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। सभी ने मिलकर कांग्रेस पार्टी के सिद्धांतों और विचारधारा को जनता के बीच पहुंचाया और इसका सकारात्मक परिणाम हमें मिला है। उनके समर्पण और नेतृत्व ने सिरसा में कांग्रेस पार्टी की इस ऐतिहासिक जीत को सुनिश्चित किया।

कुमारी शैलजा ने भी अपनी जीत का श्रेय शशिकांत शर्मा और उनकी टीम को दिया है। उनकी सक्रिय भूमिका और अद्वितीय नेतृत्व क्षमता ने कांग्रेस पार्टी को सिरसा में यह ऐतिहासिक जीत दिलाई है। शशिकांत शर्मा की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि जब नेतृत्व में समर्पण और टीमवर्क हो, तो किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।


LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page