बेटियां हर क्षेत्र में अव्वल,अब आर्मी भर्ती में भी मिल रहा अवसर-एसएस महल।

ब्यूरो//दैनिक हिमाचल न्यूज़:- अर्की, लड़कियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है । इनके लिए अब आर्मी भर्ती में मौके खुल चुके है । जिसके जरिए वह देश सेवा में अपनी भूमिका निभा सकती है । यह बात सेना के लेफ्टिनेंट जनरल एसएस महल ने शुक्रवार को शहीद कैप्टन विजयंत थापर रावमापा( कन्या) अर्की का नामकरण होने पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि अपने सम्बोधन में कही । उन्होंने कहा कि यह अर्की व प्रदेश के लिए सम्मान की बात है कि रावमापा (कन्या) अर्की के साथ शहीद कैप्टन विजयंत थापर का नाम जुड़ गया है ।

उन्होंने देश के लिए शहीद हुए जवानों को याद करते हुए कहा कि सेना का हर जवान देश के लिए जीता है व मर मिटता है । महल ने कहा कि जवानों के बलिदानों को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए । उन्होंने कहा कि इस तरह से स्कूलों के साथ शहीदों का नाम जुड़ना उनके लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि है, ऐसे नामकरण से वह हमेशा हम लोगों के बीच सदैव जीवित रहेंगे ।उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि युवावर्ग को देश निर्माण के लिए आगे आना चाहिए व सेना में भर्ती होकर देश सेवा में अपनी अहम भूमिका निभानी चाहिए ।

इस मौके पर उन्होंने अपनी ओर से स्कूल के लिए ₹ 25 हज़ार दिए । इससे पूर्व कार्यक्रम के मुख्यतिथि सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल एसएस महल ने शहीद कैप्टन विजयंत थापर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सलामी दी । इस मौके पर सेना के पूर्व जवानों,स्थानीय नेताओं,विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया ।

इस अवसर पर 14 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर सुबाथू के बैंड ने देशभक्ति गीत की धुनें बजाकर लोगों को मंत्रमुग्ध किया । वहीं स्कूली बच्चो ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबकी वाहवाही लूटी। वहीं शहीद कैप्टन विजयंत थापर के पिता कर्नल वीरेंद्र थापर व माता तृप्ता थापर ने भी अपने सम्बोधन के दौरान विजयंत थापर के जीवन व उसके शौर्य की गाथा को याद किया । कार्यक्रम के दौरान लोक सेवा आयोग की वरिष्ठ सदस्या रचना गुप्ता, स्थानीय विधायक संजय अवस्थी, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रत्नसिंह पाल, पूर्व विधायक गोविन्द राम शर्मा,एसडीएम अर्की केशव राम,नगर पंचायत अर्की अध्यक्ष अनुज गुप्ता, शिक्षा उपनिदेशक सोलन जगदीश नेगी, लोक निर्माण विभाग अधिशाषी अभियंता रवि कपूर, स्कूल के प्रधानाचार्य लाल चंद पाल, एक्स सर्विस मैन, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान व सदस्य सहित स्कूल स्टाफ व छात्राएं मौजूद रहीं ।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page