पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मकता को बढ़ावा देने पर जोर, शिक्षकों व विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में इंटीग्रेटेड मिशन लाइफ प्रोजेक्ट के अंतर्गत पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय ईको क्राफ्टिंग शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ अनुपयोगी एवं अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक उपयोग कर उपयोगी और आकर्षक वस्तुएं तैयार करने के लिए प्रेरित करना रहा।

विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ उनकी रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक विषय तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है।

कार्यशाला में सेवती देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। लायन ईको क्लब की प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर ने मुख्य अतिथि, स्रोत व्यक्तियों और अन्य उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आईं स्रोत व्यक्ति पिंकी कुमारी, आरती भारद्वाज, भानुप्रिया, सुमन शर्मा, शीला देवी और चंद्रकांता ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ईको क्राफ्टिंग की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने अपशिष्ट सामग्री से आकर्षक एवं उपयोगी वस्तुएं तैयार करने की विधियां समझाईं और प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। कार्यशाला में अपशिष्ट सामग्री के पुनः उपयोग, रचनात्मक सोच और पर्यावरण के अनुकूल गतिविधियों के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नई तकनीकें सीखीं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को कम कचरा उत्पन्न करने और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय अध्यक्ष एवं प्रधानाचार्य गोपाल शर्मा तथा मुख्याध्यापिका ने सभी स्रोत व्यक्तियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन ने स्रोत व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों के सर्वांगीण विकास तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां आयोजित की जाती रहेंगी।


