ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-जिला रोजगार अधिकारी सोलन ने बताया कि विभिन्न निजी कंपनियों एवं संस्थानों में 186 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 29 सितंबर, 2026 को कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यह कैंपस इंटरव्यू मॉडल कैरियर सेंटर सोलन, नजदीक डिस्टोफी अस्पताल जटोली (जिला रोजगार कार्यालय) में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा।

भर्ती प्रक्रिया के तहत मैसर्ज हिन्दुस्थान फूड लिमिटेड बद्दी में ऑफिसर प्रोडक्शन, ऑफिसर एग्जीक्यूटिव, सीनियर ऑफिसर व वेयरहाउस के 27 पद, मैसर्ज लोटस हर्बल कलर कॉस्मेटिक बद्दी में ऑपरेटर व माइक्रोबायोलॉजिस्ट के 6 पद तथा मैसर्ज एसबी कॉन्स्टेंटिया लिमिटेड बद्दी में ट्रेनी अंडर अप्रेंटिस के 10 पद शामिल हैं।
इसी प्रकार मैसर्ज एग्री किंग ट्रैक्टर नालागढ़ में मशीन ऑपरेटर, फिटर व डिप्लोमा मैकेनिकल के 16 पद, मैसर्ज शिवालिक बायोमेटल चंबाघाट में हेल्पर व ट्रेनी के 17 पद, मैसर्ज मोरपेन लेबोरेटरीज लिमिटेड बद्दी में ट्रेनी के 10 पद, एलआईसी ऑफ इंडिया सोलन में बीमा सखी के 50 पद तथा मैसर्ज एसआईएस लिमिटेड आरटीए हमीरपुर में सिक्योरिटी गार्ड व सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवारों को विभागीय पोर्टल ईईएमआईएस पर कैंडिडेट लॉगइन के माध्यम से पंजीकरण करने के बाद अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन से पहले उम्मीदवार का रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
उम्मीदवारों को अपनी योग्यता से संबंधित अनिवार्य प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज साथ लेकर 29 सितंबर को सुबह 10:30 बजे मॉडल कैरियर सेंटर सोलन पहुंचना होगा। कैंपस इंटरव्यू में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय सोलन के दूरभाष नंबर 01792-227242 पर संपर्क किया जा सकता है।


