ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत बड़ोग के छयोड खड्ड चौक में आखिरकार हाई मास्ट सोलर लाइट स्थापित कर दी गई है। लंबे समय से स्थानीय लोगों और दुकानदारों द्वारा चौक में रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।

छयोड खड्ड चौक में रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण दुकानदारों और ग्रामीणों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब हाई मास्ट सोलर लाइट लगने से चौक और आसपास की मार्केट में अंधेरे की समस्या से लोगों को राहत मिली है।
ग्राम पंचायत बड़ोग के प्रधान इंद्र लाल ने क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से हाई मास्ट सोलर लाइट उपलब्ध करवाने के लिए जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लाइट लगने से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों को रात के समय काफी सुविधा मिलेगी।


