ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन की वर्चुअल बैठक शनिवार को संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने विचार-विमर्श के बाद कुनिहार पुलिस स्टेशन में सब-पुलिस कैंटीन खोलने की मांग को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया।

एसोसिएशन के अनुसार, पुलिस लाइन सोलन जिला के एक छोर पर स्थित है, जिसके कारण दूरदराज के क्षेत्रों विशेषकर दाड़लाघाट और मांगल क्षेत्र में रहने वाले पुलिस पेंशनरों को पुलिस लाइन सोलन से रियायती दरों पर सामान लेने में काफी परेशानी होती है। इन क्षेत्रों से सोलन की दूरी काफी अधिक होने के कारण पेंशनरों के लिए बार-बार सोलन पहुंचना व्यावहारिक नहीं है।

बैठक में बताया गया कि यह मांग एसोसिएशन की ओर से पिछले चार-पांच वर्षों से विभाग के समक्ष उठाई जा रही है। कुछ समय पूर्व पुलिस पेंशनर जिला सोलन के प्रतिनिधिमंडल ने शिमला में पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक कर भी यह मांग रखी थी। उस दौरान विभाग की ओर से बताया गया था कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में मोबाइल कैंटीन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त वाहन और बजट उपलब्ध नहीं है।

एसोसिएशन ने अब इस समस्या के समाधान के लिए कुनिहार पुलिस स्टेशन में सब-पुलिस कैंटीन खोलने का प्रस्ताव रखा है। पदाधिकारियों का कहना है कि कुनिहार सोलन जिले के लगभग मध्य क्षेत्र में स्थित है और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग खरीदारी के लिए कुनिहार आते-जाते हैं। ऐसे में यहां सब-कैंटीन खुलने से जिले के अधिकतर पुलिस पेंशनरों को सस्ता सामान लेने की सुविधा मिल सकेगी।

एसोसिएशन ने पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए कुनिहार पुलिस स्टेशन में सब-पुलिस कैंटीन खोलने के आदेश जारी किए जाएं, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
प्रस्ताव की प्रति पुलिस अधीक्षक सोलन को भी सूचना हेतु प्रेषित की गई है। बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।



