चार साल बाद भी कुनिहार की मांगें नहीं हुई पूरी, विकास सभा ने सरकार के प्रति जताया रोष

सिविल अस्पताल में एमडी मेडिसिन की नियुक्ति सहित जनहित की मांगों को लेकर सरकार पर अनदेखी का आरोप।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- कुनिहार विकास सभा ने करीब चार वर्षों से क्षेत्र की विभिन्न जनहित की मांगों को सरकार द्वारा स्वीकार नहीं किए जाने पर रोष जताया है। विकास सभा के प्रधान धनीराम तंवर एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि कुनिहार की मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कुनिहार के सिविल अस्पताल में एमडी मेडिसिन की नियुक्ति की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। कुनिहार की तीन पंचायतों सहित आसपास की करीब 12 पंचायतों के लोग स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इस अस्पताल पर निर्भर हैं। एमडी मेडिसिन की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को उपचार के लिए अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। सभा ने इस संबंध में अर्की के विधायक, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तथा सरकार को कई बार मांग पत्र सौंपे हैं।

विकास सभा ने आरोप लगाया कि कुनिहार के आसपास के अस्पतालों में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हैं, लेकिन कुनिहार सिविल अस्पताल में जरूरी विशेषज्ञ की नियुक्ति नहीं की गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र से संबंधित होने के बावजूद कुनिहार की इस मांग पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

सभा ने कुनिहार को नगर पंचायत बनाए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुनिहार विकास सभा सहित अन्य संस्थाओं ने सरकार से आग्रह किया था कि क्षेत्र की ग्रामीण प्रकृति को देखते हुए यहां नगर पंचायत का गठन न किया जाए, लेकिन इसके बावजूद नगर पंचायत बना दी गई। सभा के अनुसार इस निर्णय के खिलाफ विकास सभा और अन्य संस्थाओं ने माननीय उच्च न्यायालय में याचिका भी दायर की है, लेकिन अभी तक मामले का फैसला नहीं हुआ है।

विकास सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार मांगों की अनदेखी से क्षेत्र की जनता में रोष है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अपने मत के माध्यम से सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करेगी।

संयुक्त बयान जारी करने वालों में भाग मल तंवर, जगदीश ठाकुर, बाबूराम तंवर, देबीराम मेहता, संत राम, धर्म सिंह तंवर, बलबीर चौधरी, नगेंद्र ठाकुर, दीप राम ठाकुर, ज्ञान ठाकुर, अनिल वर्मा, राजेश, बिट्टू, सनी राघव, ओमप्रकाश ठाकुर, दिनेश तंवर, मोहन सिंह चौधरी और राजेंद्र वर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page