ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– पशु खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले को लेकर ग्राम पंचायत टुईरु, धुन्दन और हनुमान बड़ोग के करीब 60-70 ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधि एसडीएम अर्की निशांत तोमर से मिले। ग्रामीण इंद्र लाल के सहयोगी के रूप में उनके साथ पहुंचे और उनके द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच, उचित कार्रवाई तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

इंद्र लाल निवासी टूईरु, डाकघर धुन्दन ने शिकायत पत्र में बताया कि वह पशुओं की खरीद-फरोख्त का कार्य करते हैं। शिकायत के अनुसार 21 अगस्त 2026 को उन्होंने पंजाब के एक व्यापारी को गाय बेची थी। इसके बाद नाहोल के समीप व्यापारी की गाड़ी रोककर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इंद्र लाल ने आरोप लगाया कि इस घटना का वीडियो बनाकर मामले को अलग रूप में प्रस्तुत किया गया।

शिकायतकर्ता ने कुछ लोगों पर उन्हें धमकाने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि भविष्य में उनके पास पशु खरीदने के लिए आने वाले लोगों के साथ लेन-देन करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। इंद्र लाल ने इससे पहले उनके खिलाफ की गई शिकायतों को भी निराधार बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।

शिकायत में चामाकड़ी स्थित गौशाला से संबंधित सरकारी भूमि पर कथित कब्जे का मामला भी उठाया गया है। इंद्र लाल ने प्रशासन से इस संबंध में भी जांच करवाने का आग्रह किया है।

इंद्र लाल के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि वे किसी विवाद को बढ़ाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि उनके सहयोगी के रूप में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्षता से जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र में आपसी भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

इस दौरान ग्राम पंचायत टुईरु के प्रधान प्रेमचंद, धुन्दन के प्रधान जगदीश ठाकुर, हनुमान बड़ोग के उपप्रधान नरेश तथा पूर्व प्रधान कृष्ण चंद कंवर सहित करीब 60-70 ग्रामीण मौजूद रहे।

एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनी और शिकायत पत्र को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामला पुलिस थाना दाड़लाघाट के क्षेत्राधिकार से संबंधित बताया गया है।


