साहब! बखालग के खाली-पावघाटी सड़क की हालत सुधारें, नहीं तो आंदोलन के लिए मजबूर होगी बखालग की जनता : रमेश गौतम

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की के अंतर्गत ग्राम पंचायत बखालग में गांव खाली से पावघाटी तक सड़क की दयनीय हालत को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता रमेश गौतम ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक संजय अवस्थी से सड़क की स्थिति का संज्ञान लेते हुए शीघ्र सुधार कार्य करवाने का आग्रह किया है।


रमेश गौतम ने कहा कि खाली से पावघाटी तक सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। इसके चलते स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले आम लोगों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत को देखते हुए इसका सुधार समय रहते किया जाना बेहद आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार के दोनों महत्वपूर्ण अंगों-विधानपालिका और कार्यपालिका की जिम्मेदारी है कि वे जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। ग्रामीण नियमित रूप से टैक्स का भुगतान करते हैं और अपने जनप्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाना सरकार और संबंधित विभाग का दायित्व है।


रमेश गौतम ने कहा कि सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग, स्थानीय प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क की मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र शुरू करवाने की मांग की है।


उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क की हालत में सुधार नहीं किया गया तो बखालग पंचायत की जनता आगामी समय में आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग, स्थानीय प्रशासन और सरकार की होगी।
रमेश गौतम ने पुनः प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए खाली से पावघाटी तक सड़क का शीघ्र सुधार करवाने की मांग की है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page