केरल की तर्ज पर कुनिहार बीडीओ कार्यालय की पहल, स्वास्थ्य केंद्रों को दी 40 हजार की दवाइयां।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाइयां समय पर उपलब्ध करवाने की दिशा में खंड विकास अधिकारी कार्यालय कुनिहार ने पहल की है। केरल राज्य की तर्ज पर पंचायत समिति के 15वें वित्त आयोग मद से 40 हजार रुपये की राशि दवाइयों के क्रय के लिए निर्धारित की गई थी। इसी राशि से खरीदी गई दवाइयां खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी को नागरिक अस्पताल अर्की में हस्तांतरित की गईं।


खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर ने बताया कि इस राशि से आयुष्मान आरोग्य मंदिर साई, भराड़ीघाट, पंजपिपलू तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मांझू और घनागुघाट के लिए आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से इन स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा अभावग्रस्त एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को समय पर आवश्यक दवाइयां मिल सकेंगी।


उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यह प्रावधान किया गया था। इसके लिए उन्होंने तत्कालीन पंचायत समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए 15वें वित्त आयोग की राशि से दवाइयों के क्रय का प्रावधान किया।


खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page