ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत जयनगर-जाबल संपर्क मार्ग पर सड़क का ध्वस्त हिस्सा पिछले लगभग एक वर्ष से राहगीरों के लिए लगातार खतरे का कारण बना हुआ है। जयनगर से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क का एक बड़ा भाग धंस जाने से मार्ग के किनारे गहरी खाई बन गई है, जिससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल राहगीरों में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

इस संपर्क मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन, स्कूली बच्चे, दोपहिया चालक और आसपास के ग्रामीण आवागमन करते हैं। बरसात के मौसम में लगातार हो रहे कटाव के कारण सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। ऐसे में स्थानीय लोगों को हर दिन जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क क्षतिग्रस्त हुए करीब एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो यहां सुरक्षा दीवार का निर्माण किया गया है और न ही स्थायी मरम्मत का कार्य शुरू हो पाया है। उनका कहना है कि कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के समक्ष यह समस्या उठाई गई, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में निराशा और रोष है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि बरसात के दौरान किसी भी संभावित हादसे से पहले इस सड़क की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

बॉक्स में….
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता कृष्ण कान्त चौहान ने बताया कि सड़क की सुरक्षा और मरम्मत कार्य के लिए आवश्यक टेंडर जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा, ताकि लंबे समय से बनी इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

अब क्षेत्रवासियों को विभाग के आश्वासन के जल्द धरातल पर उतरने की उम्मीद है, ताकि जयनगर-जाबल संपर्क मार्ग पर बना यह खतरा समाप्त हो सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

