ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- विरासत संगठन अर्की की मासिक बैठक संगठन की अध्यक्ष मयूराक्षी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के अधिकांश सदस्यों ने भाग लिया, जबकि अनुपस्थित सदस्यों ने पूर्व में ही बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों पर अपनी सहमति प्रदान की थी।

बैठक के दौरान संगठन द्वारा गत 4 जुलाई को सिविल अस्पताल अर्की में आयोजित सेवा कार्य की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों के बैठने और विश्राम के लिए बेंचों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। इसे गंभीरता से लेते हुए संगठन ने मरीजों, उनके परिजनों तथा अन्य आगंतुकों की सुविधा के लिए अस्पताल में शीघ्र बेंच उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।

बैठक में सभी सदस्यों ने संगठन की एकता को मजबूत बनाए रखने तथा समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि विरासत संगठन भविष्य में भी जनहित और समाज कल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
बैठक में संगठन की कोषाध्यक्ष नीलम शर्मा,ज्योति शर्मा,पुष्पा कौशल , भारती राणा, उषा ठाकुर तथा अन्य सदस्यों ने भाग लिया।



