ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रधान कार्यालय सोलन में सोमवार को बैंक कर्मचारी संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कर्मचारी संघ के अध्यक्ष किशन देव एवं महासचिव सचिन पाल के नेतृत्व में बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा और प्रबंध निदेशक पंकज सूद (हि.प्र.से.) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बैंक प्रबंधन और कर्मचारी संघ के बीच कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों एवं मांगों पर सकारात्मक एवं विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के दौरान कर्मचारी संघ ने बैंक प्रबंधन को एक मांगपत्र सौंपा। इसमें नए कर्मचारियों की नियमित आधार पर शीघ्र नियुक्ति, कर्मचारियों की पदोन्नति, 4-9-14 का लाभ प्रदान करने, बैंक कर्मचारियों के वेतनमान को पंजाब से डि-लिंक कर हिमाचल प्रदेश सरकार के वेतनमान से जोड़ने, हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक एवं कांगड़ा सहकारी बैंक की तर्ज पर लीव एनकैशमेंट की सुविधा लागू करने, मेडिकल बिल रिइम्बर्समेंट की सुविधा देने तथा वेतनमान संबंधी अनियमितताओं को दूर करने सहित विभिन्न मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं।

बैठक में बैंक प्रबंधन ने कर्मचारी संघ की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया। वहीं कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बैंक प्रबंधन के सहयोगात्मक दृष्टिकोण पर विश्वास जताते हुए बैंक की निरंतर प्रगति, उन्नति तथा उत्कृष्ट ग्राहक सेवा सुनिश्चित करने के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प भी दोहराया।


