ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बिगड़ती स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि निगम में टायरों और अन्य आवश्यक स्पेयर पार्ट्स की कमी के चलते एक बस के टायर दूसरी बस में लगाकर संचालन किया जा रहा है, जो यात्रियों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

प्रेस को जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले सहित प्रदेश के कई डिपो में संसाधनों की कमी के कारण बसों का संचालन जुगाड़ के सहारे किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बसें कार्यशालाओं में खड़ी हैं, जबकि जो बसें सड़कों पर चल रही हैं, उनकी स्थिति भी संतोषजनक नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई ग्रामीण एवं महत्वपूर्ण रूट या तो बंद पड़े हैं अथवा खस्ताहाल बसों के भरोसे संचालित किए जा रहे हैं। बरसात के मौसम में ऐसी व्यवस्था किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के कारण एचआरटीसी के चालक-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों को समय पर वेतन एवं भत्ते नहीं मिल रहे हैं। वहीं, निगम के पेंशनरों की लंबित मांगों और एरियर का भुगतान न होने से उनमें भी रोष व्याप्त है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि परिवहन निगम की व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो लोगों का भरोसा सरकारी परिवहन सेवा से उठ जाएगा। उन्होंने निगम की वित्तीय स्थिति के लिए कांग्रेस सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार से जमीनी स्तर पर व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने प्रदेश सरकार से एचआरटीसी के लिए पर्याप्त बजट जारी कर टायरों एवं स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बंद पड़े रूटों को बहाल करने तथा कर्मचारियों एवं पेंशनरों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।




