ब्यूरो, देनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय बातल में विद्यार्थियों के दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निःशुल्क दंत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।

शिविर का आयोजन द डेंटल होम क्लीनिक, अर्की की ओर से डॉ. शालिनी चंदेल एवं बबीता शर्मा के सहयोग से किया गया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों के दांतों की जांच की गई तथा उन्हें दांतों की नियमित सफाई, सही तरीके से ब्रश करने, संतुलित आहार अपनाने और दंत रोगों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही समय-समय पर दंत परीक्षण करवाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

विद्यालय के मुख्याध्यापक तेजेन्द्र ने शिविर के आयोजन के लिए डॉ. शालिनी चंदेल एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से दांतों की नियमित देखभाल करने तथा चिकित्सकों के सुझावों का पालन करने का आह्वान किया।
शिविर में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजकों के इस प्रयास की सराहना की।




