ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ – ग्राम पंचायत दानोघाट के नवनिर्वाचित प्रधान दूनीचंद शर्मा ने अपने जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ कजियारा गांव स्थित माता मनसा देवी एवं मंढोड़ देवता मंदिर में माथा टेककर किया। इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर पंचायत चुनाव में मिले समर्थन और आशीर्वाद के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

दूनीचंद शर्मा ने कहा कि पंचायतवासियों ने उन्हें अपना अमूल्य मत देकर सेवा का अवसर प्रदान किया है, जिसके लिए वे सदैव उनके ऋणी रहेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंचायत के समग्र विकास, जनहित के कार्यों तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कजियारा महिला मंडल का गठन भी किया गया। इस अवसर पर प्रधान दूनीचंद शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं महिला मंडल की समस्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए महिला मंडल के माध्यम से सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पंचायत उपप्रधान श्यामलाल ठाकुर,पूर्व उपप्रधान टेकचन्द ठाकुर,तनुज शर्मा, पंकज कुमार, बॉबी शर्मा, सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

