ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में ग्राम पंचायत कुंहर के नवनिर्वाचित प्रधान अमर सिंह ठाकुर, उपप्रधान जुगल किशोर तथा पंचायत समिति सदस्य जगदीश चंद का विद्यालय परिवार ने फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी), स्कूल एडॉप्टर, अभिभावकों एवं अध्यापकों की संयुक्त समन्वय बैठक का आयोजन भी किया गया।

बैठक में विद्यालय के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छ एवं सुरक्षित विद्यालय परिसर, छात्र नामांकन में वृद्धि तथा पंचायत, विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय के विकास में पंचायत, एसएमसी, स्कूल एडॉप्टर और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

प्रधान अमर सिंह ठाकुर, उपप्रधान जुगल किशोर तथा पंचायत समिति सदस्य जगदीश चंद ने विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के हित में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने विद्यालय में शौचालय निर्माण, जल संरक्षण टैंक तथा प्रस्तावित नए भवन के निर्माण स्थल पर साइड डेवलपमेंट कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करवाने का आश्वासन भी दिया।

बैठक में स्कूल एडॉप्टर श्यामलाल चौधरी, चेतराम ठाकुर, समाजसेवी सुंदर राम तनवर, रत्न चंद चौधरी, एसएमसी प्रधान बबीता ठाकुर, उपप्रधान संतोष कुमारी, सदस्य नवीन ठाकुर, गायत्री देवी सहित एसएमसी के अन्य सदस्य, अभिभावक एवं विद्यालय के समस्त अध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के समग्र विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।




