सुखन में युवाओं ने प्रधान दूनी चंद शर्मा के नेतृत्व में पेयजल टैंक की सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- बरसात के मौसम को देखते हुए पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत दानोघाट के अंतर्गत सुखन गांव में शनिवार को सुखन पेयजल टैंक का व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। स्थानीय पंचायत प्रधान दूनी चंद शर्मा तथा कराड़ा वार्ड के वार्ड सदस्य चमन शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण युवाओं एवं जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से इस अभियान में भाग लिया।


अभियान के दौरान पेयजल टैंक में जमा गाद, मिट्टी, पत्थर एवं गंदे पानी को बाहर निकाला गया। इसके बाद टैंक की अच्छी तरह सफाई कर पानी को शुद्ध एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए ब्लीचिंग पाउडर डाला गया।


इस अभियान में जल शक्ति विभाग के कर्मचारी मुकुल के मार्गदर्शन में निशांत, पंकज शर्मा, तनुज शर्मा, तिलकराज, यशवंत, राजू सहित अन्य स्थानीय युवाओं ने सक्रिय सहयोग दिया। सफाई कार्य पूरा होने के बाद युवाओं ने पेयजल टैंक के आसपास के क्षेत्र की भी सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।


प्रधान दूनी चंद शर्मा ने कहा कि बरसात के मौसम में जल स्रोतों की नियमित सफाई और रखरखाव अत्यंत आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने सभी ग्रामीणों से पेयजल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा ऐसे जनहित कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।


वार्ड सदस्य चमन शर्मा ने भी ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित एवं स्वच्छता अभियानों में सभी लोग बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ग्रामीणों ने इस सामूहिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में यह अभियान जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक कदम है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page