ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में एनएसएस, इको क्लब तथा स्काउट एंड गाइड इकाइयों द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 17 जून से 26 जून 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी सप्ताह मनाया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी हीरालाल के नेतृत्व में किया जा रहा है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवियों के लिए नारा लेखन, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता तथा अन्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवियों द्वारा नशा विरोधी शपथ दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
एनएसएस के बैनर तले स्वयंसेवियों ने जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और स्वस्थ, जागरूक तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
विद्यालय उपप्रधानाचार्य महेंद्र कौंडल ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है और एक स्वस्थ एवं जागरूक युवा वर्ग ही विकसित भारत के निर्माण का आधार है।






