ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस के अवसर पर सोलन जिला ओलम्पिक संघ एवं जिला खो-खो संघ सोलन के तत्वावधान में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयांज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी जानकारी जिला ओलम्पिक संघ के संयोजक देवीदत्त तंवर ने दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, योग एवं खेल गतिविधियों के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही मोबाइल एवं स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने खेलों के महत्व पर भाषण एवं अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान मैराथन दौड़ तथा जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं के खो-खो मुकाबले आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां प्रदान की गईं तथा सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट वितरित की गई। विद्यालय परिवार ने खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश देते हुए अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस का सफल आयोजन किया।




