नगर पंचायत अर्की ने की अपील, 15 जून तक करें ऑनलाइन स्व-गणना

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ – नगर पंचायत अर्की ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से जनगणना प्रक्रिया के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपने परिवार एवं परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी दर्ज करने की सुविधा प्रदान की गई है।


प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नगर पंचायत अर्की क्षेत्र में जनगणना के प्रथम चरण के दौरान 1 जून 2026 से 15 जून 2026 तक स्व-गणना की जा सकती है। नागरिक निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।


नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि स्व-गणना से जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी तथा आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी। इसके लिए नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करें तथा जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर आवश्यक जानकारी दर्ज करें।
प्रशासन ने नगर पंचायत अर्की के सभी निवासियों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया है। साथ ही लोगों से अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित करने की अपील की गई है।


नगर पंचायत अर्की के जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page