डुमैहर के राज कुमार पाल ने रचा इतिहास, बने हिमाचल के दूसरे अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल ऑफिशियल

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़। उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत डुमैहर के गांव कोट निवासी एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर में डीपीई के पद पर कार्यरत राज कुमार पाल ने अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल ऑफिशियल की परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने क्षेत्र बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है।


राज कुमार पाल वर्तमान में स्पेशल ओलंपिक्स भारत की बास्केटबॉल टीम के हेड कोच भी हैं। उन्होंने वर्ष 2015 में आंध्र प्रदेश में आयोजित बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) की “बी पैनल रेफरी” राष्ट्रीय परीक्षा तथा वर्ष 2018 में “ए पैनल रेफरी” राष्ट्रीय परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की थी।


जनवरी 2026 में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल महासंघ (फीबा) द्वारा आयोजित टेबल ऑफिशियल परीक्षा में भी उन्होंने सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने के बाद अब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में आधिकारिक भूमिका निभाने के लिए अधिकृत हो गए हैं। इस उपलब्धि के साथ राज कुमार पाल हिमाचल प्रदेश के दूसरे अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल ऑफिशियल बन गए हैं। उनके साथ जिला हमीरपुर के बड़सर निवासी संजय ठाकुर ने भी यह परीक्षा तीसरी बार उत्तीर्ण कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।


राज कुमार पाल का खेल जगत में योगदान भी उल्लेखनीय रहा है। वे स्पेशल ओलंपिक्स इंडिया की बास्केटबॉल टीम के हेड कोच के रूप में वर्ष 2019 में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), वर्ष 2023 में बर्लिन (जर्मनी) तथा वर्ष 2025 में प्यूर्टो रिको (अमेरिका) में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स विश्व खेलों में भारतीय टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
राज कुमार पाल ने अपनी इस सफलता का श्रेय बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया, हिमाचल प्रदेश बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों, अपने सहयोगियों तथा परिवार के सदस्यों को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से मुनीश शर्मा, सुशील शर्मा, अजय सूद, संजय ठाकुर, उमेश कुमार और राज कुमार राणा सहित अन्य खेल पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।


उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि राज कुमार पाल की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page