ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – हिमाचल प्रदेश के प्रमुख सीमेंट उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा तथा उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में हिमाचल प्रदेश के महामंत्री यशपाल हैटा तथा अखिल भारतीय सीमेंट मजदूर महासंघ के महामंत्री ओम प्रकाश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दोनों नेताओं ने प्रदेश के प्रमुख सीमेंट उद्योगों अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट, एसीसी बरमाना तथा अल्ट्राटेक बागा का प्रवास कर श्रमिकों एवं यूनियन प्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित किया।
बैठक के दौरान श्रमिकों ने वेतन विसंगतियों, सीमेंट निर्माता संघ के वेतन समझौते का लाभ न मिलने, ठेका प्रथा, श्रमिकों के कथित शोषण, मनमाने ढंग से नौकरी से निकाले जाने, दूर-दराज राज्यों में स्थानांतरण, उचित मुआवजा न दिए जाने तथा अन्य श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विशेष रूप से एसीसी बरमाना के पैकिंग प्लांट में श्रमिकों के साथ हो रहे कथित अन्याय और शोषण का मामला भी बैठक में सामने रखा गया।

श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए यशपाल हैटा और ओम प्रकाश शर्मा ने आश्वस्त किया कि मजदूरों के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मांगों को प्रबंधन और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की गई है तथा आने वाले समय में मजदूर हितों की रक्षा के लिए व्यापक स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

बैठक में अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट से नरेश कुमार, रुवेश कुमार और राकेश महाजन, अल्ट्राटेक बागा से सुनील कुमार और राकेश कुमार, जबकि एसीसी बरमाना से गग्नेश कुमार, दीपचंद, नीलम कश्यप, सुरेंद्र चौधरी, राम प्रसाद, हरि सिंह, गौतम कुमार, राजेश कुमार और कन्हैया राम सहित विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा ने कहा कि प्रदेश के सीमेंट उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के साथ हो रहे कथित शोषण को समाप्त करने के लिए शीघ्र ही बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि श्रमिकों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो प्रदेश के सभी सीमेंट संयंत्रों में एकजुट होकर व्यापक आंदोलन और हड़ताल की रणनीति अपनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को उनके अधिकार दिलाने और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।




