मेडिकल बिलों की अदायगी में देरी पर पुलिस पेंशनरों में रोष, सरकार से जल्द भुगतान की मांग

ब्युरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने लंबित मेडिकल बिलों की अदायगी न होने पर सरकार के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया है। एसोसिएशन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी लंबे समय से अपने मेडिकल बिलों के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल पाई है।


एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों ने अपने सेवा काल के दौरान 38 से 40 वर्षों तक दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए कार्य किया। सेवानिवृत्ति के बाद गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अनेक पेंशनरों को चिकित्सा खर्चों का बोझ स्वयं उठाना पड़ रहा है, क्योंकि उनके मेडिकल बिलों का भुगतान लंबित है।


धनीराम तनवर ने कहा कि पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधि कई बार मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं। उन्हें बार-बार मेडिकल बिलों के भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन अभी तक स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बीमार और बुजुर्ग पेंशनर भुगतान की प्रतीक्षा में हैं ताकि वे समय पर अपना उपचार करवा सकें।


एसोसिएशन के अनुसार पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक विभाग ने पेंशनरों के मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए सरकार से लगभग 9 करोड़ रुपये की मांग की है, लेकिन अभी तक बजट स्वीकृत नहीं हुआ है। इसके चलते भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।


पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए शीघ्र बजट जारी किया जाए, ताकि पेंशनरों को राहत मिल सके। साथ ही एसोसिएशन ने पुलिस महानिदेशक से भी आग्रह किया है कि इस विषय को सरकार के समक्ष प्राथमिकता से उठाया जाए और आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने के लिए प्रभावी पहल की जाए।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन भविष्य में आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार कर सकता है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page