ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ – उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट में छात्र परिषद के हेड बॉय एवं हेड गर्ल पदों के लिए चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया विद्यालय प्रशासन की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

चुनाव के दौरान विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। मतगणना के बाद सौरव को हेड बॉय तथा हर्षिता को हेड गर्ल निर्वाचित घोषित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र परिषद विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों प्रतिनिधि विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों की

समस्याओं और सुझावों को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाएंगे।
प्रधानाचार्य ने कहा कि इस प्रकार के चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए विद्यार्थियों और अध्यापकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सौरव और हर्षिता के सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।




